मडि़हान, मीरजापुर 16 अप्रैल (आरएनएस)। तहसील क्षेत्र के ददरी स्थित अदानी ग्रुप के निर्माणाधीन मेगा पॉवर प्लांट निर्माताओं द्वारा सिंचाई विभाग व वन विभाग से बिना अनुमति पत्र लिए बिना ही पर्यावरण के साथ जल संरक्षण पर बुल्डोजर चलाया जा रहा है, ग्रामीणों के साथ क्षेत्रीय नेतागण द्वारा एकजुट होकर विरोध किया जा रहा है। भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सोनू सिंह भृगुवंसी ने बताया कि ददरी में निर्माणाधीन मेगा पावर प्लांट हेतु बहुतायत मात्रा में खपत हो रही डीजल की बचत हेतु मडि़हान विद्युत उपकेंद्र से बिजली सप्लाई हेतु अंडर ग्राउंड तार बिछाने की व्यवस्था हेतु वन विभाग से बिना परमिशन लिए ही मिर्जापुर सोनभद्र सड़क किनारे जेसीवी से खुदाई कराते हुए सड़क किनारे के पेड़ पौधों को क्षति पहुचाई जा रही है। वहीं प्लांट के मोड़ से लगभग पांच किलोमीटर दूरी पर स्थित अपर खजूरी बांध तक पाइप लाइन बिछाने हेतु वन विभाग से 5 मीटर चौड़ाई में खुदाई औऱ 135 जंगलिय पेड़ों के कटान की परमिशन ली गई है। परंतु मौके पर लगभग 10 मीटर चौड़ाई में खुदाई का काम कराया जा रहा है। जबकि लगभग दो सौ से ऊपर पेड़ो का कटान कराया जा चुका है। वहीं अपर खजूरी बांध की तलहटी में सिचाई विभाग से परमिशन लिए बगैर ही लंबे पैमाने पर खुदाई का काम हुआ है। जबकि कार्यदाई संस्था द्वारा सिचाई विभाग की जमीन पर अस्थाई निर्माण कराकर आफिस का भी संचालन किया जा रहा है। विभागीय लापरवाही के चलते वन संरक्षण, जल संचयन पर भीषण प्रहार किया गया है। क्षेत्र में चल रहे अवैध कार्य से ऑक्सीजन लेवल घटने के साथ साथ आने वाले समय में क्षेत्र में पानी की भीषण किल्लत के बादल अभी से मंडराने लगे है। मडि़हान वन क्षेत्राधिकारी डी.एस. नेगी ने बताया कि मिजऱ्ापुर सोनभद्र मार्ग किनारे अदानी ग्रुप द्वारा बिजली सप्लाई हेतु खुदाई की जा रही थी। जानकारी होने पर कार्य रुकवा दिया गया है। सिंचाई विभाग अवर अभियंता गुलाब राजपूत ने बताया कि परमिशन नहीं होने पर अपर खजूरी बांध की तलहटी में हो रही खुदाई पर रोक लगा दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

