गोरखपुर 16 अप्रैल (आरएनएस)। रवि किशन शुक्ला ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मुलाकात कर गोरखपुर एम्स के द्वितीय चरण के विस्तार का मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने एम्स से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की जानकारी देते हुए विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद रवि किशन शुक्ला ने बताया कि प्रस्तावित द्वितीय चरण में ट्रामा सेंटर के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण सुविधाओं को शामिल करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि विस्तार से मरीजों को बेहतर और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया और गहन विचार का आश्वासन दिया।सांसद रवि किशन ने कहा कि वर्तमान में गोरखपुर एम्स पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि बिहार और नेपाल के मरीजों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन लगभग 5 से 7 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता और बढ़ गई है।उन्होंने केंद्र सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में देशभर में चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अब ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो रही हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिया, कि गोरखपुर एम्स के द्वितीय चरण के विस्तार कार्य को जल्द शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिल सकेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

