जौनपुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 62,638 अपात्र लाभार्थियों के नाम हटा दिए गए हैं। जांच में सामने आया कि पति-पत्नी, नाबालिग और मृतक भी इस योजना का लाभ ले रहे थे। इस कार्रवाई के बाद जिले में लाभार्थियों की कुल संख्या 8 लाख 79 हजार 300 से घटकर 8 लाख 16 हजार 662 हो गई है।योजना के शुरुआती चरण में बड़ी संख्या में अपात्र व्यक्तियों ने पंजीकरण करा लिया था। अब जांच के बाद ऐसे अपात्रों की पहचान कर उनके नाम पोर्टल से हटाए जा रहे हैं। पात्रता की जांच के लिए गांवों में शिविर लगाए गए और सूची का मिलान किया गया। इस प्रक्रिया में 29 हजार मृतकों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं, जिनके परिवारों ने मृत्यु की सूचना विभाग को नहीं दी थी। इसके अलावा, लगभग 22 हजार ऐसे लाभार्थी हैं जिनके आधार कार्ड में गड़बड़ी पाई गई है, जिस कारण उनकी धनराशि रोक दी गई है।उप परियोजना निदेशक आत्मा, डॉ. रमेश यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से अपात्रों के नाम हटाए गए हैं और सत्यापन प्रक्रिया अभी भी जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

