जौनपुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। मुंगराबादशाहपुर में स्थित शक्ति स्पेशलिटी हॉस्पिटल परिसर में संचालित एक अवैध मेडिकल स्टोर और क्लिनिक पर औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। इस दौरान ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत चार संदिग्ध दवाओं के नमूने जब्त किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जिला औषधि निरीक्षक सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई जनसुनवाई पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में अस्पताल के भीतर बिना वैध लाइसेंस के दवाओं के अवैध कारोबार का आरोप लगाया गया था। सहायक आयुक्त औषधि, वाराणसी मंडल ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिले में अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों के औचक निरीक्षण के लिए एक टीम गठित की थी। जिला औषधि निरीक्षक के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक वाराणसी चंद्रेश द्विवेदी और औषधि निरीक्षक गाजीपुर बृजेश कुमार मौर्य की संयुक्त टीम ने अस्पताल में छापेमारी की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि केवल मुंगराबादशाहपुर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में फैले अवैध दवा सिंडिकेट को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को पत्र लिखकर भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट उपलब्ध कराने की मांग की गई है। यह अभियान शुरू हो गया है जिसके तहत जिले के कई अन्य चिन्हित ठिकानों पर भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एडीएम ने भी संबंधित थानों को छापेमारी के दौरान सुरक्षा में कोई कोताही न बरतने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही टीम पुलिस बल के साथ अवैध रूप से संचालित की जा रही दवा की दुकानों पर छापेमारी कर जांच करेगी। शीघ्र ही टीम पुलिस बल के साथ अवैध रूप से संचालित किए जाने वाले दवा की दुकानों पर छापेमारी कर जांच की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

