पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
सुलतानपुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ पुलिस द्वारा मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक चारू निगम से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
मामला हलियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम डेहरियावा का है, जहां दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। गांव निवासी पूजा पत्नी बदलू के अनुसार, बीते 12 अप्रैल को उसके पट्टीदार रोघई अपने पुत्र राहुल के साथ उसके ससुर राम निहोर पर हमला करने के इरादे से दौड़े। बीच-बचाव करने पहुंची पूजा के साथ भी राहुल द्वारा मारपीट की गई।
आरोप है कि घटना के बाद विपक्षी पक्ष ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद शाम करीब 5 बजे हलियापुर पुलिस गांव पहुंची। पुलिस पूजा और विपक्षी पक्ष की एक लड़की को थाने ले गई, जबकि मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीडि़ता का आरोप है कि थाने ले जाकर महिला थानाध्यक्ष ने उसके साथ डंडे और पट्टे से मारपीट की तथा जातिसूचक अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीडि़ता दर्द से कराहती रही बावजूद उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जबकि थानाध्यक्ष विपक्षी को एक भी गाली तक नही दिया। पीडि़ता का कहना है कि न्याय दिलाने के बजाय पुलिस ने उसके साथ दुव्र्यवहार किया। उसने आशंका जताई है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया जा सकता है और भविष्य में दोबारा प्रताडि़त किया जा सकता है। इस संबंध में पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराकर विधिक कार्रवाई करने व न्याय दिलाने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

