—- किसान हित सर्वोपरि, भुगतान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:- जिलाधिकारी।
कुशीनगर, 18 अप्रैल (आरएनएस)। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने जनपद में संचालित गड़ौरा चीनी मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। किसान दिवस के दौरान कृषक सुजीत चौरसिया द्वारा की गई शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मिल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान पेराई सत्र में कुल 4.97 लाख कुंतल गन्ना आपूर्ति के सापेक्ष देय गन्ना मूल्य 19.358 करोड़ रुपये है। जबकि अब तक मात्र 12.031 करोड़ रुपये का ही भुगतान किया गया है। इस प्रकार 7.327 करोड़ रुपये का भुगतान अभी भी लंबित है।
उल्लेखनीय है कि गडौरा चीनी मिल बीते 16 मार्च को ही बंद हो चुकी है, जबकि 2911 कृषकों ने गन्ना आपूर्ति किए है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि शीघ्र शत-प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित चीनी मिल के विरुद्ध विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

