जौनपुर 19 अप्रैल (आरएनएस )। सुरेरी क्षेत्र के पृथ्वीपुर से नूरपुर को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग अपनी बदहाली के कारण लोगों के गुस्से का कारण बन गया। जर्जर सड़क से त्रस्त ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से पूरी तरह उखड़ चुका है। जगह-जगह गड्ढों में तब्दील सड़क न केवल आवागमन में बाधा बन रही है, बल्कि आए दिन दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही है। स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के मौसम में हालात और भयावह हो जाते हैं, जब सड़क पर चलना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों का सब्र रविवार को जवाब दे गया। नूरपुर गांव निवासी त्रिलोकी प्रजापति के नेतृत्व में धनंजय मौर्य, सुक्खु, कन्हैयालाल, लालजी, त्रिलोकी नाथ, लाला यादव, रामसूरत, रामकिशन, बाबा, रामचंद्र दुबे, बबलू यादव, विनोद पांडे, अरविंद पांडे समेत दर्जनों लोग सड़क पर उतर आए और विरोध जताया।काफी देर तक चले इस प्रदर्शन के चलते आवागमन भी प्रभावित रहा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता के बाद मामला शांत हुआ और प्रदर्शन समाप्त किया गया। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता (जेई) इंजीनियर पुरेन्द्र निगम ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति की जानकारी थी । उक्त मार्ग स्वीकृति होकर निविदा प्रक्रिया में है जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

