पीएम ने कहा- भाजपा बंगाल में आई तो राज्य की समृद्ध संस्कृति की वापसी होगी
विभूति भूषण भद्र
झाडग़्राम/मेदिनीपुर/पुरुलिया/बांकुड़ा 19 अप्रैल (आरएनएस)। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने झाडग़्राम में आयोजित संकल्प सभा में बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने झाडग़्राम को वीरों, संस्कृति और आदिवासी परंपराओं की धरती बताते हुए बाबा रामेश्वर को नमन किया और कहा कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश की पहचान है। सभा में भारी भीड़ और उत्साह का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हेलिपैड से सभा स्थल तक का रोड शो अभूतपूर्व रहा। उन्होंने जनता के समर्थन को बदलाव का संकेत बताया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल का यह चुनाव, इस धरती की समृद्ध विरासत को बचाने के लिए है, बंगाल की पहचान बचाने के लिए है। आज बंगाल पर उसकी पहचान खोने का खतरा मंडरा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां टीएमसी जिस रास्ते पर चल रही है, उसका एजेंडा बहुत खतरनाक है। टीएमसी घुसपैठियों के लिए, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है। एक ऐसी सरकार जो सिर्फ घुसपैठियों का मजहब, घुसपैठियों की भाषा और घुसपैठियों के तौर-तरीकों की रक्षा करेगी। उस घुसपैठिया सरकार के लिए अगर कोई दुश्मन होगा तो यहां बैठे हुए भाई-बहन ही घुसपैठियों के दुश्मन होंगे। इसलिए बंगाल का हर समाज, हर वर्ग, हर क्षेत्र इस बार ठान चुका है, संकल्प ले चुका है। उन्होंने कहा कि बंगाल का यह चुनाव इस भूमि की समृद्ध विरासत को बचाने के लिए है। यह बंगाल की पहचान को बचाने के लिए है। आज बंगाल के अपनी पहचान खोने का डर मंडरा रहा है। टीएमसी का एजेंडा बेहद खतरनाक है। टीएमसी का उद्देश्य ऐसी सरकार बनाना है, जो मूल निवासियों के धर्म, भाषा और रीति-रिवाजों की रक्षा करने के बजाय घुसपैठियों के धर्म, भाषा और रीति-रिवाजों की रक्षा को प्राथमिकता दे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की महिला मतदाताओं को लक्षित करते हुए कल्याणकारी वादों की एक श्रृंखला का उल्लेख किया है और कहा है कि उनकी समृद्धि भाजपा की प्रमुख प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार में भ्रष्टाचार के कारण महिलाओं को वे लाभ नहीं मिल रहे हैं जो भाजपा शासित पड़ोसी राज्यों जैसे असम, त्रिपुरा, ओडिशा और बिहार में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आती है, तो गरीब महिलाओं को बिना किसी गड़बड़ी के मुफ्त राशन मिलेगा। प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पीएम आवास योजना के तहत महिलाओं को स्थायी घर बनाने में मदद के लिए 1.5 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। एक प्रस्तावित योजना पर प्रकाश डालते हुए, मोदी ने ‘मातृ शक्ति भरोसा कार्डÓ के बारे में बात की, जिसके तहत राज्य की महिलाओं को प्रतिवर्ष ?36,000 प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल ने बंगाल की महिलाओं के बीच पहले ही काफी रुचि पैदा कर दी है। राज्य में महिलाएं एक महत्वपूर्ण मतदाता वर्ग बनी हुई हैं, और भाजपा और सत्ताधारी दल दोनों ही 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होने वाले चुनावों से पहले कल्याणकारी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जिनकी मतगणना 4 मई को होगी।
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सिंडिकेट राज चल रहा है, आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा हो रहा है और आम जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने बिजली संकट, उद्योगों की बदहाली और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हुए कहा कि लूट करने वालों का हिसाब तय है। ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री सौर्य मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए लगभग 80 हजार रुपये तक की सहायता दे रही है, लेकिन राज्य में इसका सही क्रियान्वयन नहीं हो रहा। उन्होंने पड़ोसी राज्य ओडि़शा का उदाहरण देते हुए तुलना की। शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताते हुए प्रधानमंत्री ने एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल , पीएम श्री स्कूलों के विस्तार और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को मजबूत करने की बात कही। किसानों के लिए धान पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी और पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9000 रुपये करने का वादा किया गया। साथ ही वन उत्पादों पर एमएसपी और वन धन केंद्रों के विस्तार की घोषणा भी की गई। प्रधानमंत्री ने झाडग़्राम को अरण्यसुंदरीबताते हुए यहां इको-टूरिज्म और होमस्टे आधारित रोजगार की बड़ी संभावनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को वन्दे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों से जोड़ा गया है, लेकिन राज्य सरकार के सहयोग के बिना विकास की गति तेज नहीं हो सकती।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर महिलाओं के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा, आय और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। मातृशक्तिके तहत आर्थिक सहायता, बेटियों की पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपये, सुकन्या समृद्धि योजना को बढ़ावा और प्रधान मंत्री मुद्रा योजना के तहत ऋण सुविधा देने की बात कही गई।
स्वास्थ्य सेवाओं में 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, सस्ती दवाएं, किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस, सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण और सिकल सेल जांच की सुविधाओं का भी जिक्र किया गया। अंत में प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि राज्य में विकास, बेहतर शासन और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दें और बदलाव का संकल्प लें। इस मौके पर मंच पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, भाजपा जिला अध्यक्ष तूफान महतो, झाडग़्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर, नयाग्राम, विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी क्रमश: लक्ष्मीकांत साऊ, डॉ प्रणत टुडू, राजेश महतो अमिया किस्कू समेत अन्य उपस्थित थे।

