रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 21 अप्रैल (आरएनएस)। बंगाल की सियासत में चुनावी तापमान चरम पर है। खडग़पुर में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ को लेकर उन्होंने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी रैली नहीं, बल्कि विजय उत्सव में बदल चुकी है और इससे साफ है कि इस क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की जीत लगभग तय है। अभिषेक बनर्जी ने अपने भाषण में पुराने चुनावी आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि 2015 के नगरपालिका चुनाव में प्रदीप सरकार चेयरमैन बने थे और 2019 के उपचुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की। उन्होंने दावा किया कि कम समय मिलने के बावजूद प्रदीप सरकार ने 15-16 महीनों में वह काम कर दिखाया, जो भाजपा सात वर्षों में नहीं कर सकी। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता दिलीप घोष पर भी तीखा हमला बोला। डबल इंजन सरकार के दावे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि खडग़पुर के लोग इसका असली अनुभव कर चुके हैं। शहर के 35 वार्डों में से 9 वार्ड पूरी तरह रेलवे के अधीन हैं, जहां न तो रेलवे खुद काम करता है और न ही नगरपालिका को करने देता है। इसके कारण जल निकासी, पेयजल और विस्थापन जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे की ओर से गरीब लोगों को घरों से बेदखल किया जा रहा है और गोलबाजार इलाके में व्यापारियों से जबरन वसूली की जा रही है। अभिषेक ने वादा किया कि जब तक तृणमूल कांग्रेस सत्ता में है, किसी भी गरीब को जबरन बेदखल नहीं होने दिया जाएगा। अभिषेक बनर्जी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे प्रदीप सरकार को 25 हजार वोटों के अंतर से विजयी बनाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेयजल समस्या का समाधान राज्य सरकार हर घर तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाकर करेगी, चाहे केंद्र सरकार सहयोग करे या नहीं। साथ ही, क्षेत्र में उद्योगों से हो रहे प्रदूषण की समस्या के समाधान के लिए चुनाव के बाद एक कमेटी गठित करने की भी घोषणा की। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, मोदी की गारंटी जीरो वारंटी है, जबकि ममता बनर्जी की गारंटी लाइफटाइम वारंटी है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, खडग़पुर में इस तरह की भीड़ और बयानबाजी से चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

