खडग़पुर 21 अप्रैल (आरएनएस)। खडग़पुर सदर विधानसभा में होने वाले चुनाव से पहले आज प्रचार का आखिरी दिन रहा। इसी के चलते पूरे क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई। आखिरी दिन को भुनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी। इसी क्रम में बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष के समर्थन में अभिनेता और नेता मिथुन चक्रवर्ती ने जोरदार रोड शो किया। यह रोड शो खडग़पुर के डीवीसी मोड़ से शुरू होकर विभिन्न इलाकों से गुजरता हुआ तालबगीचा बाजार मोड़ तक पहुंचा। रोड शो के दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े। खासकर तालबगीचा इलाके में मिथुन चक्रवर्ती की एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ देखने को मिली। समर्थकों के हाथों में पार्टी के झंडे और विभिन्न तरह के प्लेकार्ड नजर आए, जिससे पूरा माहौल चुनावी रंग में रंग गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। पूरे रूट पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी और पुलिस लगातार निगरानी में जुटी रही। रोड शो के दौरान बीजेपी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी हुई और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रचार के आखिरी दिन इस तरह के शक्ति प्रदर्शन के जरिए बीजेपी ने खडग़पुर सदर सीट पर अपनी पकड़ मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

