छतरपुर 23 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में 108 एम्बुलेंस के दुरुपयोग का एक मामला सामने आया है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली इस आपातकालीन सेवा की एम्बुलेंस में एक कॉलेज छात्रा बैठी मिली, जबकि उसमें कोई मरीज मौजूद नहीं था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसे वहां मौजूद लोगों ने बना लिया।
जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति ने सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार से जा रही एम्बुलेंस को देखा। एम्बुलेंस के अंदर मरीज की जगह एक युवती बैठी थी। संदिग्ध लगने पर व्यक्ति ने अपनी बाइक से एम्बुलेंस का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवा लिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एम्बुलेंस रुकने के बाद जब चालक से पूछताछ की गई तो वह घबरा गया। उसने छात्रा को अपनी बहन बताया, लेकिन जब उससे उसका नाम पूछा गया तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। इससे लोगों का शक और गहरा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद आम लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि गंभीर मरीजों को अक्सर समय पर एम्बुलेंस नहीं मिल पाती, जबकि सरकारी सेवा का इस तरह निजी काम के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे आपातकालीन सेवाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े अधिकारियों से जवाब तलब किया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

