टीकमगढ़ 23 अप्रैल (आरएनएस)। जतारा थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में शासकीय शिक्षक महेंद्र सिंह यादव की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार दोपहर उस समय हुआ जब शिक्षक अपने घर से स्कूल जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक महेंद्र सिंह यादव पिपरट गांव के निवासी थे और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कारी में पदस्थ थे। वे अपनी बाइक से स्कूल जा रहे थे, तभी लार गांव के पास एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
इस टक्कर से महेंद्र सिंह यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 106 (1) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134, 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक फिलहाल फरार है, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली जाएगी। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

