मुरादाबाद 24 April, (Rns) । मैनाठेर थाना क्षेत्र में संभल- मुरादाबाद हाईवे पर असदपुर पुलिया के पास शुक्रवार सुबह छह बजे डंपर ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी।
इस हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार अजीत (10), सृष्टि, शांति देवी (55) और सुमन (30) की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसे के समय ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार महिलाएं और पुरूष भात न्योत कर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के भटोला गांव निवासी उषा पत्नी नरेश की बेटी की पांच दिन बाद शादी है। उषा अपने परिवार की महिलाओं के साथ गुरुवार की रात अपने मायके मैनाठेर के गुरेर गांव में अपने भाई तेज प्रकाश और सतीश के घर भात न्योत ने आई थी।

