देहरादून,24 अपै्रल (आरएनएस)। संत निरंकारी मिशन द्वारा मानव एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन बाबा गुरबचन सिंह की स्मृति तथा सतगुरु माता सुदीक्षा के आशीर्वाद से संपन्न हुआ। शिविर में 269 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता, करुणा, प्रेम और सह-अस्तित्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। मानव को मानव हो प्यारा, एक-दूजे का बने सहारा की भावना के साथ आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सेवादल के सदस्यों ने भाग लिया। संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि देशभर के लगभग 200 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए गए, जिनसे करीब 40 हजार यूनिट रक्त संकलित हुआ। वर्षभर में 705 स्थानों पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। पिछले चार दशकों में मिशन द्वारा 9,174 शिविरों के माध्यम से 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है। देहरादून शाखा में मसूरी जोन-55 के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, स्थानीय संयोजक नरेश विरमानी तथा सेवादल के सहयोग से शिविर में मिशन के अनुयायियों ने बढ़ चढ़कर शिरकत की। दून मेडिकल कॉलेज और इंद्रेश अस्पताल की टीम ने स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित रक्तदान प्रक्रिया पूरी कराई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

