देहरादून,25 अपै्रल (आरएनएस)। दून जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज हो गई है। प्रीएसआईआर के तहत मतदाताओं का 81 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, 64 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संभावित घोषणा से पहले दून जिले में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों को अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची के साथ-साथ नए मतदाताओं से संबंधित प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख उपलब्ध कराए गए। सीडीओ ने बताया कि प्री-रिवीजन गतिविधियों के तहत वर्ष-2003 की निर्वाचक नामावली के मतदाताओं का वर्तमान नामावली से बीएलओ एप के माध्यम से 24 अप्रैल 2026 तक 81 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष जल्द पूरा होगा। जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा। इनमें चकराता में 237, विकासनगर 142, सहसपुर 212, धर्मपुर 236, रायपुर 214, राजपुर 141, देहरादून कैंट 152, मसूरी 178, डोईवाला 191 तथा ऋषिकेश में 179 मतदेय स्थल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 164 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
प्रत्येक बूथ पर अपने बीएलए की नियुक्ति करें दल: सीडीओ
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर इसकी सूचना शीघ्र उपलब्ध कराने की बात कही। ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल ऑफिसर से सीधे संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसके अलावा, वोटर हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1950 के माध्यम से भी निर्वाचन संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हरीश पुरोहित, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सोनिया बहुगुणा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि अरविंद जैन, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, सीपीआईएम के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक शोभन अंसारी, पिरंजन कुशवाह आदि मौजूद थे।
सीडीओ ने विभागों से मांगी विस्तृत कार्ययोजना: मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने शनिवार को विकास भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिला योजना वर्ष 2026-27 की संरचना एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने व विभागों को अनुमोदित धनराशि के सापेक्ष योजनाओं एवं मदवार प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। सीडीओ शाह ने निर्देशित किया कि अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित जिला योजना की मदवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। जिला योजना में जनोपयोगी एवं आमजन से सीधे जुड़े प्रस्तावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही स्वरोजगार योजनाओं, चालू परियोजनाओं तथा नवाचार आधारित कार्यक्रमों को भी कार्ययोजना में शामिल कर बजट का श्रेष्ठतम् और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जिला योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

