हरिद्वार,25 अपै्रल (आरएनएस)। चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही व्यवस्थाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने यात्रा प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए सरकार के दावों को खोखला बताया। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि यात्रा शुरू होते ही अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं। उन्होंने यमुनोत्री में दो महिलाओं और केदारनाथ में एक बुजुर्ग की मौत का जिक्र करते हुए इसे गंभीर चिंता का विषय बताया। उनके अनुसार ये घटनाएं व्यवस्थाओं की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। विशेष रूप से बद्रीनाथ धाम में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को बड़ी लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद स्वास्थ्य ढांचा मजबूत नहीं किया गया है। वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहते हैं, जबकि वीआईपी को प्राथमिकता दी जा रही है, जो आस्था के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की पहचान है, लेकिन सरकार जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं सुधारने में नाकाम रही है। पिछले वर्ष की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। कांग्रेस ने मांग की है कि यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त की जाएं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती हो और सभी श्रद्धालुओं को समान सुविधा मिले। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

