-पूंजी बाजार में निवेश की संभावनाएँ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन
अयोध्या 26 अप्रैल (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबन्ध एवं उद्यमिता विभाग में विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता एवं निवेश के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से पूंजी बाजार में निवेश की संभावनाएँ विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में इंडसलैंड सिक्योरिटीज लिमिटेड लखनऊ के ब्रांच हेड आशीष सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में स्टॉक मार्केट में निवेश के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वर्तमान समय में स्टॉक मार्केट केवल बड़े निवेशकों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम व्यक्ति भी सही जानकारी एवं रणनीति के साथ इसमें निवेश कर सकता है। आशीष सिंह ने विद्यार्थियों को शेयर, म्यूचुअल फंड, एसआई पी, आईपीओ, बॉन्ड, ईटीएफ तथा अन्य निवेश विकल्पों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि निवेश करने से पहले बाजार की समझ, जोखिम प्रबंधन, तथा दीर्घकालिक योजना बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि सही समय पर किया गया निवेश भविष्य में आर्थिक सुरक्षा एवं बेहतर रिटर्न प्रदान कर सकता है।
उन्होंने छात्रों को जानकारी दी कि किस प्रकार डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप्स ने निवेश को आसान और सुलभ बना दिया है। साथ ही उन्होंने वित्तीय अनुशासन, नियमित निवेश एवं विविधीकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने मुख्य वक्ता श्री आशीष सिंह एवं उनके साथ आए अतिथियों प्रतिभा सचान, नीरज कुमार, शरद रंजन, हिमांशु मोहन तथा निकिता का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने संतोषजनक उत्तर दिया। इस विशेष व्याख्यान से विद्यार्थियों को निवेश के क्षेत्र में नई जानकारी एवं प्रेरणा प्राप्त हुई। डॉ. राकेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। यह विशेष व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं भविष्य में आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में सहायक सिद्ध हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

