अपराधियों पर पुलिस का कड़ा पहरा:
बीपीओ को सौंपी गई निगरानी की कमान
बस्ती 26 अप्रैल (आरएनएस) जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध मुक्त वातावरण बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के शातिर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 885 हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी तेज कर दी गई है। खास बात यह है कि इस वर्ष जनवरी माह से अब तक पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में 14 नए शातिर बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनके खिलाफ शिकंजा कसा है। अपराधियों की प्रभावी निगरानी के लिए यक्ष एप के जरिए एक नई रणनीति तैयार की गई है। थानेवार तैनात बीपीओ (बीट पुलिसिंग आफिसर) को उनके संबंधित क्षेत्रों के हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इनके दैनिक हाजिरी व रहने की जगह का सत्यापन करेंगे। वे अपने बीट में रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का पता लगाएं। इनकी हर एक गतिविधियों पर नजऱ रखेंगे।यदि कोई अपराधी लंबे समय से घर से गायब है या किसी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी रिपोर्ट तुरंत उच्चाधिकारियों तत्काल एप के माध्यम से देनी होगी। अपराधियों का पूरा ब्यौरा यक्ष एप पर अब डिजिटल माध्यम अपडेट किया जा रहा है ताकि उनकी लोकेशन और हरकतों पर पल-पल की नजऱ रखी जा सके।
जनवरी से अब तक 14 नई हिस्ट्रीशीट
पुलिस रिकार्ड के अनुसार, जिले में अपराध की दुनिया में नए कदम रखने वाले और बार-बार घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों पर विशेष फोकस है। इसी कड़ी में पिछले चार महीनों (जनवरी से अब तक) में 24 नए बदमाशों को हिस्ट्रीशीटर की सूची में शामिल किया गया है। इन बदमाशों के खिलाफ लूट, डकैती, रंगदारी और गैंग्सटर, गोबध एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
थानेवार अभियान से खलबली:
पुलिस की इस सक्रियता से अपराधियों और उनके मददगारों में खलबली मची हुई है। प्रत्येक थाने को सख्त निर्देश हैं कि वे अपने क्षेत्र के टाप-10 अपराधियों के साथ-साथ पुराने हिस्ट्रीशीटरों की वर्तमान जीविका और उनके संपर्कों की जांच करें। जो हिस्ट्रीशीटर जेल से बाहर हैं, उनकी हर हरकत पर पैनी नजर रखी जाए।
प्रमुख बिंदु एक नजऱ में:
:कुल निगरानी: 885 हिस्ट्रीशीटर।
:नई हिस्ट्रीशीट: 14 (जनवरी 2026 से अब तक)।
:निगरानी तंत्र: थानेवार बीपीओ की ड्यूटी लगाई गई।
:प्राथमिकता: अपराधों पर अंकुश लगाना और वांछितों की धरपकड़।
जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों का रिकार्ड यक्ष एप पर अपडेट किया जा चुका है। 885 हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी के लिए बीपीओ को तैनात किया गया है। किसी भी अपराधी को कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
: डा.यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, बस्ती
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

