कोटद्वार 26 अप्रैल (आरएनएस)। सिविल और सेना के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पहला शरद चंद्र धूलिया मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट लोसा लायंस टीम ने जीत लिया। लोसा लायंस ने गढ़वाल राइफल्स की टीम को रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया। गढ़वाल राइफल्स के डायस स्टेडियम में कर्मभूमि फाउंडेशन की ओर से सेना के सहयोग से आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट विनोद सिंह नेगी, कर्मभूमि फाउंडेशन के अतुल भट्ट और एसपी नैथानी ने खिलाडिय़ों का परिचय प्राप्त कर किया। पहले हाफ के 22वें मिनट में गढ़वाल राइफल्स के बॉबी थापा ने पहला गोल कर बढ़त बनाई। हालांकि, 32वें मिनट में लोसा लायंस के साहिल ने गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया। दूसरा हाफ भी रोमांचक रहा जिसमें दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर लगातार आक्रमण किए। दूसरे हाफ के 15वें मिनट में गढ़वाल राइफल्स के विष्णु दास ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई लेकिन लोसा के अजय कंडारी ने मैच समाप्त होने से 20 मिनट पहले गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। दोनों ही टीमों को गोल करने के कई अवसर मिले लेकिन रक्षा पंक्ति की सूझबूझ के कारण वे गोल में तब्दील नहीं हो सके। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मैच का परिणाम पेनल्टी शूटआउट से तय हुआ। पेनल्टी शूटआउट में लोसा लायंस ने पांच गोल किए जबकि गढ़वाल राइफल्स चार गोल ही कर सकी।
कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, परिवार कल्याण संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी और सेंटर एसएम नंद किशोर ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। कमांडेंट नेगी ने कर्मभूमि फाउंडेशन और जिला स्पोट्र्स संघ के अध्यक्ष अतुल भट्ट को रेजिमेंटल स्मृति चिह्न भेंट किया। आयोजन में टीम संयोजक और फुटबाल कोच सिद्धार्थ रावत, लोसा अध्यक्ष एसपी नैथानी, कोषाध्यक्ष राजीव बर्थवाल, सह सचिव भावना वर्मा उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

