धमतरी, 28 अप्रैल (आरएनएस)। बहुचर्चित भारतमाला परियोजना से जुड़े मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राइस मिलर रोशन चंद्राकर और भाजपा नेता भूपेंद्र चंद्राकर से जुड़े ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में दिनभर हलचल बनी रही। देर रात तक चली जांच के बाद मंगलवार सुबह ईडी टीम दस्तावेज जब्त कर वापस लौट गई।
करीबियों तक पहुंची जांच की आंच
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने रोशन चंद्राकर के साथ-साथ पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों की भी तलाशी ली। भूपेंद्र चंद्राकर पर आरोप है कि उन्होंने अभनपुर सहित विभिन्न तहसीलों में अपने करीबियों को भारतमाला परियोजना के तहत करोड़ों रुपये का मुआवजा दिलाने में भूमिका निभाई।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि रोशन चंद्राकर पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रहे हैं। करीब तीन साल पहले राइस मिल लेवी वसूली मामले में ईडी ने उनके निवास पर छापा मारा था, जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
500 करोड़ से अधिक के घोटाले का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान 500 करोड़ रुपये से अधिक की अनियमितताओं का मामला सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
अधिकारियों और दलालों की मिलीभगत उजागर
जांच में सामने आया है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि घोषित कर उसका मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया। इस प्रक्रिया में राजस्व विभाग के अधिकारियों—जैसे एसडीएम, तहसीलदार और पटवारी—की जमीन दलालों के साथ मिलीभगत सामने आई है। एक ही खसरे की जमीन को कागजों में छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग लोगों को लाभ पहुंचाया गया।
अब तक की कार्रवाई
इस मामले में ईडी पहले ही रायपुर और महासमुंद में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है और 40 लाख रुपये से अधिक नकदी जब्त की जा चुकी है। साथ ही तत्कालीन एसडीओ निर्भय साहू समेत कई अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ईओडब्ल्यू ने इस प्रकरण में 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी पेश की है।
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
ईडी की ताजा कार्रवाई के बाद इस घोटाले में और बड़े नामों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

