रायपुर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़। रायपुर में एक बार फिर हिंसक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान कुश बाघ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला में रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच कुछ हमलावरों ने दो नाबालिगों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कुश बाघ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में सिविल लाइन थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर न्याय की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी तारकेश्वर पटेल के अनुसार, इस वारदात में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

००००

