बिलासपुर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। बिलासपुर स्थित गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में भगवान राम और अन्य महापुरुषों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए चार छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप में सुरक्षा प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लॉ विभाग के कुछ छात्रों द्वारा भगवान राम, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बन गई और विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित छात्रों—तूफानचंद्र नायक, अंशुमान सिंह, कौश्तुभमणि पांडे और प्रियांशु सिंह—के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस बीच, सुरक्षा में चूक को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा प्रभारी सीमा राय को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पूरे मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने चार सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की है, जो सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा विवादित चैट भी सामने आया है, जिसके बाद बजरंग दल समेत अन्य संगठनों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
फिलहाल, जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

