रायपुर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर में कारोबारी से करीब 50 लाख रुपये लेकर फरार हुए ड्राइवर कृष्णा साहू के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच के दौरान बिरगांव नगर निगम के पार्षद ओम प्रकाश साहू की कथित भूमिका उजागर होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोप है कि पार्षद ओम प्रकाश साहू ने आरोपी ड्राइवर द्वारा दिए गए पैसे को छिपाने में मदद की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
इधर, इस घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने सख्त रुख अपनाया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिरगांव के अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी से मिली जानकारी के आधार पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने ओम प्रकाश साहू को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गेंदू को भेज दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी कानून और जनता के विश्वास को सर्वोपरि मानती है तथा इस मामले में निष्पक्ष जांच का समर्थन करती है। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं, तो पार्टी और भी कड़े निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

