0 16 दिन से राजधानी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ
रायपुर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी जारी है, सूरज तेवर से लोग परेशान हैं। राज्य के कई जिलों को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है। रायपुर और दुर्ग संभाग पर सबसे ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। वहीं, गर्मी के सितम से थोड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इससे चिलचिलाती धूप से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ का सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में 44.2 डिग्री, पेंड्रा रोड में 42.5 डिग्री, अंबिकापुर में 41.5 डिग्री, जगदलपुर में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
16 दिन से 40 डिग्री के पार तापमान
राजधानी रायपुर में पिछले 16 दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दिन को तपता बना दिया है, वहीं रात में भी तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा रहने के कारण लोगों को उमस और गर्मी झेलनी पड़ रही है। प्रदेश के मध्य हिस्से में अभी भी लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढऩे लगी हैं। छत्तीसगढ़ में इस साल गर्मी ने अपने तेवर जल्दी और लंबे समय तक दिखाने शुरू कर दिए हैं। खासकर रायपुर समेत मध्य इलाकों में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। करीब तीन साल बाद ऐसा देखने को मिल रहा है जब गर्मी का दौर इतना लंबा खिंच गया है और लोगों को दिन ही नहीं, रात में भी राहत नहीं मिल पा रही।
10 जिलों में हीट वेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालौद, कबीरधाम, बेमेतरा समेत 10 जिलों में ग्रीष्म लहर की चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मनेंद्रगढ़, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, गरियाबंद, कोंडागांव और बस्तर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा।
इसके प्रभाव से बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में दो, असम में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। वहीं महाराष्ट्र में एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। एमपी, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल से होकर ट्रफ लाइन गुजर रही है। इन सारी मौसम गतिविधियों का असर छत्तीसगढ़ पर पड़ेगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी.
एसएस
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

