रायपुर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने खरीफ सीजन को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है और सरकार के पास पर्याप्त उर्वरक का स्टॉक भी नहीं है। बैज ने कृषि मंत्री रामविचार नेताम से मांग की है कि वे स्पष्ट करें कि प्रदेश में खाद का पर्याप्त भंडारण है या नहीं और सोसायटियों तक खाद पहुंचा या नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जबसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से किसानों को समय पर खाद और बीज की उपलब्धता में लगातार समस्या बनी हुई है।
मजदूर दिवस को लेकर भी बैज ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1 मई को मजदूरों को बोरे बासी खिलाने की बात कर रही सरकार पहले कांग्रेस की इस परंपरा को बंद कर चुकी थी और अब उसी योजना को दोबारा अपनाने की कोशिश कर रही है। बैज ने कहा कि कांग्रेस की कई योजनाओं को बंद कर दिया गया और अब उन्हीं की नकल की जा रही है।
सुशासन तिहार को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। बैज ने कहा कि यह तिहार आखिर किसके लिए मनाया जा रहा है, जब किसानों को खाद नहीं मिल रही, अपराध कम नहीं हो रहे और युवाओं को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भ्रष्टाचार और जनता को लूटने का सुशासन है और सरकार को जनता को गुमराह करना बंद करना चाहिए।
कांग्रेस ने ऐलान किया है कि वह सुशासन तिहार में जनता के बीच जाकर सरकार से उसके दो साल के कामकाज का हिसाब मांगेगी।
वहीं, 1 जून से प्लास्टिक बोतल में शराब बेचने के फैसले पर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के मुद्दों को छोड़कर शराब बिक्री में ज्यादा रुचि ले रही है और आम लोगों की मेहनत की कमाई लूटने में लगी है।
त्रिपाठी
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

