भोपाल 28 अप्रैल (आरएनएस)। जंबूरी मैदान पर राजा हिरदेशाह शौर्य यात्रा के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने समाज को जागरूक और संगठित होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “अभी तो शेर गुफा में है तो मक्खियाँ भी काट रही हैं, जिस दिन आप हुंकार भरोगे, पूरा जंगल खाली हो जाएगा।”
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, चीफ जस्टिस और गरीब परिवार के बच्चे एक ही स्कूल में नहीं पढ़ेंगे, तब तक आरक्षण खत्म नहीं किया जा सकता।
उमा भारती ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पेड़, पहाड़ और जीव-जंतुओं तक की पूजा की जाती है। इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। देश ने आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया है, लेकिन अब आजादी की तीसरी लड़ाई समानता के अधिकार के लिए लड़ी जानी चाहिए।
उमा ने कहा लोधी समाज की संख्या काफी अधिक है और उनकी भागीदारी से सरकारें बनती हैं। यह समाज सरकार बनाने की ताकत रखता है।

