बिना तलाक दूसरी शादी करने पहुंचा था दूल्हा
प्रयागराज 29 अप्रैल (आरएनएस)। करछना थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक की दूसरी शादी का मामला सामने आया है। जहां पहली पत्नी ने अपने पति की दूसरी शादी रुकवाने के लिए दूसरी पत्नी के घर पहुंच गई। पहली पत्नी ने पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद शादी रोक दी गई। देर रात तक शादी वाले घर में पंचायत चलती रही। विवाद और मारपीट की भी नौबत आ गई। बाद में किसी तरह से मामले को सुलझाया गया। हालांकि दूसरी शादी नहीं हो सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लहबरा की रहने वाली रेखा देवी की शादी ओमप्रकाश कोरी से अप्रैल 2013 में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। विवाह के बाद, रेखा देवी अपने पति के साथ मुंबई चली गईं, जहां वह लगभग 8 साल तक एक साथ रहें। वह मुंबई में मजदूरी करते थे। रेखा देवी के अनुसार, मुंबई में ओमप्रकाश शराब का आदी हो गया था। अक्सर मारपीट करता था। पत्नी की कमाई के पैसे छीन लेता था। इसके बाद पिछले छह महीनों से ओमप्रकाश घटेहा, रीवा में रह रहा था।
रेखा देवी को अपने पति की दूसरी शादी की सूचना पति के एक दोस्त से मिली जिसको शादी का कार्ड भेजा गया था। ओमप्रकाश कोरी, रीवा के हरदौहा स्थित अपनी ननिहाल से उमा देवी काल्पनिक नाम के साथ 28 अप्रैल, 2026 को शादी करने की तैयारी किया था।
पहली पत्नी रेखा देवी ने अपने पति ओमप्रकाश कोरी की दूसरी शादी रुकवाने के लिए पहुंच गई और पुलिस से गुहार लगाई। ओमप्रकाश अपनी ननिहाल से दूसरी शादी करने के लिए बारात लेकर प्रयागराज पहुंचा था।
पहली पत्नी रेखा ने आरोप लगाया कि उनके पति ने बिना तलाक दिए यह दूसरी शादी करने की कोशिश की है। पहली पत्नी ने पहले जनेह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। रेखा देवी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी बचाने के लिए इस विवाह को रुकवाने की मांग की है।
इस मामले में एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक है। इसलिए शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

