प्रयागराज 29 अप्रैल (आरएनएस)। जसरा क्षेत्र अंतर्गत चदैया बारी गांव में बुधवार को अचानक लगी भीषण आग से लाखों की सम्पत्ति स्वाहा हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सरजू यादव का पूरा घर जलकर राख हो गया, वहीं आसपास के कई ग्रामीणों का भूसा भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में भय व्याप्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग संदिग्ध परिस्थितियों में लगी, जिसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। दोपहर के समय अचानक उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज गर्मी और हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसपास के घरों और खेतों में रखे भूसे को भी नुकसान पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाल्टियों, ट्यूबवेल और अन्य संसाधनों की मदद से ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक सरजू यादव के घर का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और जरूरी दस्तावेज भी इस आग में नष्ट हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह और भी भयावह रूप ले सकती थी और पूरे गांव को अपनी चपेट में ले सकती थी। आग लगने के बाद महिलाओं और बच्चों में खासा डर देखने को मिला, जबकि पुरुष आग बुझाने में जुटे रहे।
घटना के बाद प्रशासन को सूचना दे दी गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की जांच कराई जाए और पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

