प्रयागराज 29 अप्रैल (आरएनएस)। नगर निगम द्वारा निर्मित फाफामऊ घाट पर लगभग 1 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित दूसरे विद्युत शवदाह गृह का लोकार्पण महापौर गणेश केसरवानी ने किया। यह सुविधा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्थापित की गई है।
इस नए शवदाह गृह के शुरू होने से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सुगम, तेज और व्यवस्थित होगी। महापौर गणेश केसरवानी ने बताया कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि यह पारंपरिक लकड़ी आधारित दाह संस्कार की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल है।
महापौर ने लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को हर स्तर पर सम्मानजनक सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने इस सुविधा को शहरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
फाफामऊ घाट पर स्थापित यह अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह नवीन तकनीक से सुसज्जित है, जो कम समय में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने में सक्षम है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, मुख्य अभियंता संजय कटियार सहित नगर निगम के कई अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

