-कुलगुरु ने छात्रों को दिये प्रमाण पत्र
चित्रकूट 29 अप्रैल (आरएनएस)। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के एविएशन विंग द्वारा आयोजित “किसान ड्रोन टेक्नोलॉजी सर्टिफिकेशन प्रोग्राम” का प्रमाण पत्र वितरण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो. आलोक चैबे ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एविएशन विंग द्वारा संचालित एक माह के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के पूरा होने के उपरांत विश्वविद्यालय के एविएशन विंग के प्रथम तल स्थित कक्षा कक्ष में प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कुलगुरु प्रो. आलोक चैबे ने ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ड्रोन तकनीक तीव्र गति से विकसित हो रही है और आने वाले वर्षों में इसका उपयोग कृषि, सर्वेक्षण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन सहित अनेक क्षेत्रों में व्यापक रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज किसान ड्रोन तकनीक की सहायता से उन्नत एवं आधुनिक खेती कर रहे हैं, जिससे समय, श्रम एवं लागत में कमी आने के साथ-साथ उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय के मूल उद्देश्य “विश्वम् ग्रामे प्रतिष्ठितम्” को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय ग्रामीण जीवन एवं ज्ञान को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गांव से गगन तक की अवधारणा को साकार करते हुए इस प्रकार के पाठ्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हैं और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक के सिद्धांत एवं व्यवहारिक उपयोगों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में ड्रोन की संरचना, असेंबली, संचालन, सुरक्षा मानक, बैटरी एवं मेंटेनेंस, फसल निगरानी, कृषि छिड़काव, प्रिसिजन फार्मिंग तथा आधुनिक कृषि में ड्रोन के उपयोग से संबंधित विषयों को शामिल किया गया। साथ ही प्रतिभागियों को व्यावहारिक उड़ान प्रशिक्षण एवं फील्ड डेमोंस्ट्रेशन भी कराया गया। कार्यक्रम में विवि के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित एविएशन विंग के शिक्षक, प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

