चित्रकूट 29 अप्रैल (आरएनएस)। भारत की जनगणना 2027 के अन्तर्गत स्वगणना कराये जाने के संबंध में निदेशक मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
निदेशक ने अवगत कराया गया कि जनगणना के अन्तर्गत स्वगणना एक नवीन सुविधा है। जिसके माध्यम से निवासी जनगणना अधिकारी के घर-घर भ्रमण से पूर्व अपने घरेलू विवरण को ऑनलाइन स्वयं भरकर प्रस्तुत कर सकते हैं। यह स्वगणना 7 से 21 मई तक सम्पन्न कराई जाएगी। इस संबंध में समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं स्वगणना अपनाने तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, कोटेदार एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्र्री की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वगणना कार्य को व्यापक रूप से संचालित किए जाने के निर्देश दिए। निदेशक ने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधान द्वारा चैपाल आयोजित कर ग्रामीणों को स्वगणना के प्रति जागरूक करें। कोटेदारों को निर्देशित किया गया कि खाद्यान्न वितरण के समय लाभार्थियों को स्वगणना के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें इसे अपनाने के लिए प्रेरित करें। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने पर्यवेक्षण में समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वगणना कराया जाना सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सीडीओ डीपी पाल, जिला जनगणना अधिकारी एडीएम चन्द्रशेखर, जिला पंचायतराज अधिकारी देवेन्द्र सिंह सहित जनपद प्रतिनिधि जनगणना कार्य निदेशालय अमित कुमार पटेल मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

