भोपाल 29 अप्रैल (आरएनएस)। कमला नगर में वर्चस्व की लड़ाई में बदमाशों ने एक युवक को अगवा किया। आरोपियों ने उसे निर्वस्त्र कर बेल्ट, लात-घूसों से पीटा। वह रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपी पीटते रहे। आरोपियों ने उसके मुंह पर पेशाब भी किया। दहशत फैलाने के लिए वीडियो भी इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। इस मामले में हनुमानगंज थाना पुलिस ने चाकूबाजी का केस दर्ज किया, लेकिन आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं।
मामले की शिकायत रविवार को कमला नगर थाने पहुंची थी, जहां शुरुआती जांच हुई। जांच में घटनास्थल हनुमानगंज थाना क्षेत्र का मिला, जिसके बाद शिकायत वहां भेजी गई। हनुमानगंज पुलिस ने मंगलवार देर रात मामला दर्ज किया। घटना शनिवार की बताई गई है।
हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत पहले कमला नगर थाने में हुई थी। घटनास्थल छोला मंदिर थाना क्षेत्र का मिला, इसलिए जांच हनुमानगंज पुलिस को दी गई। फरियादी के बयान के अनुसार एफआईआर दर्ज की गई। पीडि़त ने पेशाब की बात तब नहीं बताई थी।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय पीडि़त युवक शबरी नगर में रहता है और मजदूरी करता है। उसके खिलाफ पहले से अपराध दर्ज हैं। शबरी नगर में प्रेम थापा, गट्टू पिस्टल और एक नाबालिग रहते थे, जो अब कहीं और रहने लगे हैं। तीनों कमला नगर थाना क्षेत्र के बदमाश हैं।
प्रेम थापा दो महीने पहले सेंट्रल जेल भोपाल से रिहा हुआ था। नाबालिग आरोपी भी 20 दिन पहले बाल संप्रेक्षण गृह सिवनी से रिहा हुआ है। गट्टू पिस्टल 10 दिन पहले जमानत पर बाहर आया है। दो दिन पहले बहाने से यशवंत को नादरा बस स्टैंड बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट हुई। कपड़े उतार कर पीटा गया।
इस दौरान पीडि़त छोडऩे की गुहार लगाता रहा, लेकिन बदमाशों को रहम नहीं आया। उन्होंने उस पर छुरी से वार किया। सूचना मिलने पर हनुमानगंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि पीडि़त उमेश बम लहरी का शागिर्द है, जो हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद है।
उमेश बम लहरी की गैंग खत्म करने के लिए युवक को पीटा गया। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए वीडियो वायरल किया। घटना के बाद आरोपी फरार हैं और पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने कहा जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

