खंडवा 29 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के मूंदी थाना क्षेत्र में एक 32 वर्षीय आंगनवाड़ी सहायिका के साथ बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया है। 24 अप्रैल की रात 22 वर्षीय रिश्तेदार युवक ने महिला के साथ रेप किया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में 28 अप्रैल को शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपी शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे आज दोपहर तक कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता (32) शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है। वह महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत आंगनवाड़ी केंद्र पर सहायिका के रूप में काम करती है। महिला का आरोप है कि 24 अप्रैल की रात 10 से 12 बजे के बीच एक रिश्तेदार युवक ने उसे घर में बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
वारदात के बाद महिला ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर जाकर पति को घटना की जानकारी दी। घटना के चार दिन बाद 28 अप्रैल को पीडि़ता ने बीड़ पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिला एसआई ने पीडि़ता के बयान दर्ज कर एफआईआर दर्ज की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपी को दुष्कर्म, बंधक बनाने और धमकाने की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बेरोजगार है और पीडि़ता से 10 साल छोटा है। दोनों एक-दूसरे के परिचित हैं। दुष्कर्म की इस घटना से पहले दोनों के बीच अफेयर होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस अफेयर की भनक महिला के पति को लग गई थी, जिसे लेकर महिला का अपने परिवार में पहले भी विवाद हो चुका है।

