जबलपुर।(आरएनएस)। शहपुरा भिटोनी थाना क्षेत्र में डांस को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद बुधवार दोपहर को एक युवक को जूतों की माला पहनाकर सड़क पर घुमाया गया, जिसका वीडियो सामने आया है।
यह घटना ग्राम बम्हनी में यादव परिवार के शादी समारोह के दौरान हुई। मंगलवार को डीजे पर नाचने को लेकर यादव और रैकवार परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले।
विवाद यहीं नहीं रुका। अगली सुबह, यादव परिवार के कुछ लोगों ने रैकवार परिवार के एक सदस्य को जूतों की माला पहनाई और उसे सड़क पर घुमाया। वायरल वीडियो में महिलाएं इस कृत्य का विरोध करती दिख रही हैं, लेकिन एक पक्ष ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
मामला तूल पकडऩे के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई? और इस तरह का अपमानजनक कार्य क्यों किया गया। पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश भी दे रही है।

