नई दिल्ली 30 April, (Rns) : राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में स्थित गोल्फ कोर्स में गुरुवार सुबह तीन बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में बच्चों के तालाब में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:07 बजे सेक्टर-23 थाने को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के एक तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी तुरंत अलर्ट किया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 8 से 10 साल की उम्र के तीन बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। जांच के दौरान बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने के लिए पानी में उतरे थे और हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चे चारदीवारी कूदकर गोल्फ कोर्स में दाखिल हुए थे। फिलहाल तीनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है और आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट भी दर्ज नहीं मिली है।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस बच्चों की पहचान और उनके परिजनों का पता लगाने के साथ-साथ हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।

