लखनऊ 30 अप्रैल (RNS)| लखनऊ स्थित एसकेडी एकेडमी के छात्रों ने आईसीएसई एवं आईएससी परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को कायम रखा है। इस वर्ष भी दोनों परीक्षाओं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
आईएससी परीक्षा में सुहानी साख्या ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर सातवां स्थान हासिल किया। उन्होंने साथ ही जेईई एडवांस्ड परीक्षा के लिए भी सफलता प्राप्त की है। निष्कर्ष त्रिपाठी ने 98 प्रतिशत अंकों के साथ अखिल भारतीय स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
वहीं आईसीएसई परीक्षा में सूर्यांश अवस्थी ने 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर अखिल भारतीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया। दीपांजलि दीक्षित ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में दूसरा स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इन सभी मेधावी छात्रों को जुलाई माह में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों द्वारा उपलब्ध कराए गए नोट्स, असाइनमेंट और टेस्ट सीरीज उनकी सफलता में अत्यंत सहायक रहे।
एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक मनीष सिंह ने उत्कृष्ट परिणाम के लिए छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्र भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर देश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्रों को शुभकामनाएं भी दीं।
विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष एसकेडी सिंह, उप-निदेशिका निशा सिंह, सहायक निदेशिका (शैक्षणिक) कुसुम बत्रा एवं प्रधानाचार्या अंजू सिंह ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

