जौनपुर 30 अप्रैल (आरएनएस ) । चंदवक थाना क्षेत्र के चंदवक गाजीपुर मार्ग पर बुधवार रात लगभग 4 बजे एक सड़क हादसा हुआ। इसमें एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के खानपुर थाना अंतर्गत नायकडीह गांव निवासी गौरी शंकर यादव (पुत्र राजकुमार यादव) के रूप में हुई है। वह अपने घर से चंदवक की ओर जा रहे थे, तभी काकरापार ग्राम सभा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरी शंकर सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। मोबाइल फोन से सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी ले गए, जहां डॉक्टरों ने गौरी शंकर को मृत घोषित कर दिया।गौरी शंकर अपने बूढ़े पिता के इकलौते सहारे थे। वह दूध का कारोबार करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

