जौनपुर 30 अप्रैल (आरएनएस )। पूर्वांचल विश्वविद्यालय मेंगुजरात स्थापना दिवस के पूर्व दिवस पर विविध कार्यक्रमों को उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में पदयात्रा से हुआ। इसके साथ ही गोद लिए गए टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण, विद्यालयों एवं गोद लिए गए गांवों में स्वच्छता अभियान, गुजरात के परंपरागत खेल जैसी सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कुलपति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुजरात ने विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज कर रखा है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को समझना राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना भवन में विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गई। गोद लिए गए गांव जासोपुर के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में डॉ. अनुराग मिश्र के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं आदमपुर स्थित कस्तूरबा गाँधी आवासीय स्कूल में डॉ. अन्नू त्यागी एवं डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ सफाई अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में गुजरात के पारंपरिक खेल खो-खो, सतोलिया का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में डॉ. सुशील कुमार, प्रभारी तथा डॉ. रजनीश सिंह, सह प्रभारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

