99.92: छात्र सत्यापन पूरा, बीएसए उपेंद्र गुप्ता की नेतृत्व क्षमता आई सामने
सुल्तानपुर 30 अप्रैल (आरएनएस )। बेसिक शिक्षा विभाग की सतत मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और मजबूत मॉनिटरिंग के दम पर सुल्तानपुर ने प्रदेश में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रेरणा पोर्टल पर 99.92 प्रतिशत छात्र सत्यापन पूरा कर जिला पूरे उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
जिले में कुल 1,45,348 छात्रों के सापेक्ष 1,41,954 छात्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। वहीं डाटा उपलब्ध न होने के कारण 3,280 छात्रों को पोर्टल से हटाया गया है और अब केवल 114 छात्रों का सत्यापन शेष है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि शेष छात्रों का सत्यापन जल्द पूर्ण कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। इस सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान उपेंद्र गुप्ता (बेसिक शिक्षा अधिकारी) के प्रभावी नेतृत्व और निरंतर मॉनिटरिंग को माना जा रहा है। उनकी प्रेरणा, नियमित समीक्षा बैठकों और शिक्षक संकुलों को लगातार प्रोत्साहित करने की रणनीति ने पूरे अभियान को गति दी। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी, आधार व बैंक डिटेल मिलान में समस्याएं और दस्तावेजों की कमी जैसी कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन शिक्षकों के समर्पण और टीमवर्क ने इन सभी बाधाओं को पार कर लिया।
प्रदेश स्तर पर खीरी 99.83 प्रतिशत के साथ दूसरे और ललितपुर 99.71 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों की मेहनत को देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, सही मार्गदर्शन और टीमवर्क के बल पर यह सफलता संभव हो सकी है। भविष्य में भी सुल्तानपुर शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा। यह उपलब्धि न केवल जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करती है बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगी कि छात्रवृत्ति, ड्रेस और मिड-डे मील जैसी योजनाओं का लाभ अब अधिक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से छात्रों तक पहुंचे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

