सुलतानपुर(आरएनएस )। नगर क्षेत्र सुलतानपुर के गोराबारिक (अमहट) वार्ड घासीगंज में नगर पालिका परिषद द्वारा सफाई एवं जल-कल विभाग के वाहनों के लिए आधुनिक वर्कशॉप/सर्विस स्टेशन का लोकार्पण किया गया। इस नई सुविधा का शुभारंभ पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने किया।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण उनकी पार्किंग और रख-रखाव में समस्याएं आ रही थीं। इन्हें ध्यान में रखते हुए पालिका की खाली कराई गई जमीन पर करीब पौने दो करोड़ रुपये की लागत से इस वर्कशॉप का निर्माण कराया गया है। इस वर्कशॉप में मिट्टी भरान, इंटरलॉकिंग मार्ग, सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल, हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग शेड, वाशिंग शेड, प्रशासनिक भवन, विश्राम कक्ष और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। अब शहर में साफ-सफाई से जुड़े सभी वाहनों का संचालन और रख-रखाव यहीं से किया जाएगा, जिससे सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने बताया कि वर्कशॉप के सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी भी लगाई गई है। कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद अंतिमा गुप्ता और संदीप गुप्ता ने किया, जबकि संचालन सभासद प्रवीण मिश्र ने किया। इस मौके पर नगर पालिका के कई अधिकारी, सभासद, नामित सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

