बुकिंग के बाद झांसे में ले ओटीपी पूछकर की जा रही कालाबाजारी
सुल्तानपुर 30 अप्रैल (आरएनएस )। जिले में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालियापुर में संचालित भारत गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप सामने आए हैं, जहां एक उज्ज्वला योजना लाभार्थी का सिलेंडर और पासबुक (किताब) जबरन रख लिए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त उपभोक्ता बीते तीन माह से सिलेंडर के लिए भटक रहा है, लेकिन उसे अब तक गैस उपलब्ध नहीं हो सकी है।
आरोप है कि एजेंसी पर बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं से ओटीपी पूछकर घरेलू सिलेंडर को दूसरे लोगों को ब्लैक में दिया जा रहा है। इससे पात्र लाभार्थियों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। पीडि़त ने बताया कि कई बार एजेंसी पहुंचकर गुहार लगाई, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। न तो उसका पासबुक दिया जा रहा है और न ही सिलेंडर। हर बार उसे झांसे में लेकर बुकिंग कर ओटीपी पूछ लिया जाता है यह कहकर कि अब उसे सिलेंडर मिल जाएगा। मामले में एजेंसी संचालक गुरुदीन ने उपभोक्ता की किताब अपने पास होने की बात स्वीकार की है, जिससे पूरे प्रकरण में अनियमितता की आशंका और गहरा गई है। लंबे समय से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को समय पर गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

