जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अभिभावकों से की बात और दिया आवश्यक सुझाव
सुलतानपुर 30 अप्रैल (आरएनएस )। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी द्वारा 30 अप्रैल 2026 को 12.20 बजे जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केन्द्र एनआरसी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी 10 बेड भरे पाये गय। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी बच्चों के अभिभावक से बात की गयी एवं बच्चों के सुधार के सम्बन्ध में समझाया गया। एनआरसी में बच्चों के स्वास्थ्य के लिये कैसे कार्य किया जा रहा है, इस सम्बन्ध में सभी को बताया गया। सभी बच्चों को फल का वितरण भी कराया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी बच्चों के अभिभावक को अपना नम्बर उपलब्ध कराते हुए यह आश्वासन दिया गया कि यदि गांव में आंगनवाडी आपके बच्चों की नियमित वजन लम्बाई अथवा मिलने वाले खाद्य पदार्थ समय से उपलब्ध नही करा रही हैं अथवा एनआरसी सन्दर्भन में कोई सहयोग प्रदान नही कर रही है तो सीधे हमसे सम्पर्क करें। एनआरसी इन्चार्ज मंजीत को निर्देशित किया गया कि सभी बच्चों की नियमित जांच कराई जाय एवं सभी बच्चों का रजिस्टर मे ब्योरा दर्ज किया जाय। सभी बच्चों के अभिभावक को मिलने वाली धनराशि भी समय से प्रेषित की जाय। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी, बाल विकास परियोजना अधिकारी भदैंया दयाराम एवं एनआरसी इन्चार्ज मंजीत उपस्थित रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

