लोग जान बचाने को भागे, लाखों का कबाड़ जलकर राख
प्रयागराज 30 अप्रैल (आरएनएस)। करेली थाना क्षेत्र में मुर्गा दरबार के पास एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। हालांकि, इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागते नजर आए।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने बालू और पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की भीषणता के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। आग तेजी से फैलती गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करेली के मुर्गा दरबार इलाके में छोटू की कबाड़ की टाल है। यहीं पर खाली जगह पर कबाड़ बीनने वालों ने आधा दर्जन से अधिक झोपडिय़ां भी बना रखी हैं, जिसमें वे रहते हैं। गुरुवार सुबह कबाड़ में आग लग गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप ले लिया। झोपडिय़ां भी चपेट में आ गईं। लपटें उठतीं देख राहगीरों के साथ ही आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को जानकारी मिली तो टीम को मौके पर भेजा गया। दो फायर टेंडर की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग किन कारणों से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि किसी ने जलती हुई सिगरेट या बीड़ी फेंक दी, जिससे घटना हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

