अगले चार दिनों तक गर्मी से मिलेगी राहत
तीन और पांच मई को फिर से बादल और बारिश की संभावना
प्रयागराज 30 अप्रैल (आरएनएस)। पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे संगम नगरी के लोगों को इन दिनों राहत है। आज गुरुवार की दोपहर रिमझिम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और गर्मी छूमंतर हो गई। अगले चार से पांच दिनों तक गर्मी परेशान नहीं करेगी। इस दौरान आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी, जिससे दिन का तापमान अधिक नहीं चढ़ सकेगा।
15 अप्रैल के बाद से शहर में तापमान लगातार 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा था। 29 अप्रैल को आई आंधी और बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया। इसके प्रभाव से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लगा
गुरुवार को न्यूनतम तापमान में भी करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में घने हुए बादलों ने रिमझिम बारिश भी की। इससे मौसम सुहावना बन गया। वहीं रात के समय बढ़ती गर्मी पर फिलहाल ब्रेक लग गया है।
आज गुरूवार को न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं पिछले 24 घंटों में 12 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई है। सुबह के समय आद्र्रता 77 प्रतिशत और शाम को 59 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रहा। एक और दो मई को आसमान मुख्यत: साफ रहेगा, लेकिन तापमान नियंत्रित रहेगा। वहीं तीन और पांच मई को फिर से बादल और बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान में कमी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन नमी बढऩे के कारण उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

