33 केवीए लाइन बिछाने का चल रहा था काम, दो युवक गिरफ्तार, दो ड्रम केबिल बरामद
प्रयागराज। दो बेखौफ चोरों ने 33 केवीए लाइन बिछाने के लिए मंगवाया गया 13 टन वजनी केबल चोरी कर लिया। केबल ले जाने के लिए उन्होंने हाईड्रा क्रेन का इस्तेमाल किया। पकड़े जाने पर दोनों ने पूछताछ में यह खुलासा किया तो पुलिसवाले भी स्तब्ध रह गए। उनके करीब से 35 से 40 लाख रुपये का केबल बरामद किया गया है। दोनों पश्चिमी यूपी के रहने वाले हैं।
बाघम्बरी रोड अल्लापुर के रहने वाले अभिषेक सिंह बिजली विभाग में ठेकेदार हैं। उन्होंने मु_ीगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी कि मेरी फर्म को बैरहना से गऊघाट पॉवर हाउस तक 33 के0वी0ए0 का केबल बिछाने का काम मिला है। इसके लिए केबिल का 01 ड्रम (तार की कुल लम्बाई 506 मी0) पुराने यमुना पुल के पास रखा गया था। 21 अप्रैल की रात इसे चोरी कर लिया गया। 22 अप्रैल की सुबह इसकी जानकारी हुई।
डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया, एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे फुटेज खंगाले गए तो एक हाईड्रा पर कुछ लोग केबिल का ड्रम लेकर जाते नजर आए। फर्म मालिक से पूछा गया तो उन्होंने उन्हें पहचानने से इंकार कर दिया। इसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी और जांच पड़ताल में मिले इनपुट के आधार पर बृहस्पतिवार सुबह दोनों संदिग्धों को उठाकर पूछताछ शुरू की गई। पकड़े गए आरोपियों में मो0 आसिफ मलिक निवासी गढ़ी पुख्ता जनपद शामली और सावी खान निवासी सिंहावली अहीर जनपद बागपत शामिल हैं।
सख्ती से पूछताछ में तीनों ने घटना में संलिप्तता कबूल कर ली। बताया, वह बिजली विभाग में एक प्राइवेट फर्म के लिए काम करते हैं। यह फर्म भी दूसरे एरिया में 33 के0वी0ए का केबिल डालने का काम कर रही है। वहां के ठेकेदार वशिष्ठ पांडेय के कहने पर उन्होंने 21 अप्रैल की रात एक ड्रम केबिल चोरी किया था। यही नहीं एक दूसरा ड्रम भी कुछ दिनों पहले कीडगंज के बोट क्लब के पास से चुराया था। पुलिस ने बताया, इसके बाद उनकी निशानदेही पर परेड ग्राउंड पहुंचकर केबिल बरामद कर लिया गया। बरामद तार की लंबाई करीब 1000 मीटर है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

