कुशीनगर, 30 अप्रैल (आरएनएस)। देवरिया जिले के बरहज तहसील मुख्यालय पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी की प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में जाने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी को उनके पिपरा झाम स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया जाता है कि देवरिया जिले के बरहज तहसील क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में अधिवक्ता विजेंद्र सिंह की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे में निर्दोष ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों को फंसाए जाने के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने 30 अप्रैल को तहसील घेराव का ऐलान किया था। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए नेताओं को घरों में ही रोक दिया। अधिकारियों के अनुसार जनपद में निषेधाज्ञा लागू है। इसलिए किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई। पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने हाउस अरेस्ट किए जाने पर इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोकतंत्र में विरोध करना अपराध नहीं है। लेकिन सरकार विरोध करने वालों को ही निशाना बना रही है। उन्होंने इसे अधिनायकवाद की शुरुआत बताते हुए कहा कि दमन से आंदोलन और मजबूत होगा।
जानकारी के अनुसार बीते पांच अप्रैल को बरहज तहसील क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान अधिवक्ता विजेंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि एसडीएम से कहासुनी और कथित अभद्रता के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया था। जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य पक्ष के अनुसार जमीन विवाद के दौरान धक्का मुक्की में वह घायल हो गए थे। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने लक्ष्मीपुर के ग्राम प्रधान राजेश यादव एवं उनके परिजनों व दुबौली के ग्राम प्रधान गामा समेत कई लोगों को कथित रूप से मुकदमे में फंसा दिया गया है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। इस घटना के विरोध में सपा ने पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने सहित निर्दोष ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों को फंसाए जाने के विरोध में आज 30 अप्रैल को बरहज तहसील के घेराव का ऐलान किया गया था। हालांकि प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी और एहतियातन नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। पूर्व एमएलसी और कुशीनगर के जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हठवादिता का रास्ता अपनाकर लोकतंत्र का दमन कर रही है। समाजवादी पार्टी हर जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

