कुशीनगर, 30 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति (फेज 5.0) के तहत जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में विशुनपुरा विकास खण्ड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हिरनही में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन टीम के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा छात्राओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें बाल विवाह न करने हेतु प्रेरित किया गया। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती बंदना कुशवाहा ने छात्राओं को जागरूक करते हुए बताया कि यदि उनके आसपास किसी भी कम उम्र के लड़के या लड़की का विवाह हो रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा 112 पर दें। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं में निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य आदि की भी विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की स्टाफ नर्स श्रीमती शशिकला द्वारा भी योजनाओं के लाभ एवं प्रक्रिया के बारे में छात्राओं को अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह ने प्रदेश में संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं 102 की उपयोगिता एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का समापन डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा छात्राओं एवं शिक्षकों को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाकर किया गया। साथ ही उन्होंने छात्राओं से अपील किया कि यदि उन्हें बाल विवाह से संबंधित कोई भी सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या 112 पर सूचित कर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डेन श्रीमती प्रीति सिंह, श्रीमती सुनीता, हसीना खातून, श्रीमती भावना तिवारी, श्रीमती रंजना निषाद, श्रीमती तृप्ति सिंह एवं श्रीमती कनिका गुप्ता सहित समस्त शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

