लखनऊ 30 अप्रैल (आरएनएस ) के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक महिला की तहरीर पर गंभीर आपराधिक मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अश्लील हरकत, शारीरिक शोषण के प्रयास, मारपीट और अन्य आरोप लगाए गए हैं।पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को वादिनी ने थाना पीजीआई में लिखित शिकायत देकर बताया कि मनोज कुमार श्रीवास्तव नामक व्यक्ति ने पहली पत्नी के रहते हुए दबाव बनाकर दूसरी शादी की। आरोप है कि वह महिला की 14 वर्षीय पुत्री के साथ अश्लील हरकत करता था और उसकी अनुपस्थिति में जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करता था। इसके अलावा नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाने, महिला और उसकी पुत्री के साथ मारपीट करने तथा पैसे छीनने के भी आरोप लगाए गए हैं।इस संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 238/2026 धारा 75(1)(द्ब), 82(1), 115(2), 351(2) बीएनएस तथा 9(एन)/10 पाक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी मनोज कुमार श्रीवास्तव (उम्र करीब 48 वर्ष), निवासी कौशलपुरी, खरगापुर, गोमती नगर, लखनऊ को ट्रामा सेंटर चौराहा, थाना पीजीआई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दूसरी शादी हुई है, जबकि पहली पत्नी से उसका तलाक नहीं हुआ है। उसने यह भी कहा कि दूसरी पत्नी के पूर्व पति से 14 वर्षीय पुत्री है, जो उनके साथ रहती है और उसी द्वारा लगाए गए आरोपों के चलते उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

