लखनऊ 30 अप्रैल (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हरदोई जिले की बिलग्राम विधानसभा के ग्राम गढ़ी रसूलपुर पहुंचकर राम रईस कुशवाहा के परिवार से मुलाकात की और उनकी पुत्री की हत्या पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाजवादी पार्टी की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि इस परिवार का दुख कभी कम नहीं हो सकता, लेकिन सभी लोग उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडि़त परिवार को हर संभव कानूनी मदद देगी। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिलकर पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो परिवार को और मदद दी जाएगी तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दोषियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें सेवा से हटाने की बात कही।अखिलेश यादव ने इस मामले की केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए वह पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि पीडि़त परिवार भी निष्पक्ष जांच चाहता है।महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पूर्व में समाजवादी सरकार के दौरान महिलाओं के लिए कई प्रभावी व्यवस्थाएं थीं, जबकि वर्तमान में स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बढ़े हैं।इसके साथ ही उन्होंने गाजीपुर, प्रतापगढ़ और फतेहपुर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कई मामलों में न्याय अधूरा है और पार्टी कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

