लखनऊ 30 अप्रैल (आरएनएस ) के व्यस्ततम चारबाग मेट्रो स्टेशन पर गुरुवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक के पास से अवैध असलहा बरामद होने से हड़कंप मच गया। स्कैनर मशीन से जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल सतर्कता बरतते हुए पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक 30 अप्रैल 2026 को मेट्रो स्टेशन के अंदर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्कैनर मशीन से गुजरते समय एक युवक के पास संदिग्ध वस्तु होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना नाका हिण्डोला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान वेदांग अग्निहोत्रि (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से हरदोई जनपद का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में रह रहा था।बरामदगी के आधार पर थाना नाका हिण्डोला में मुकदमा संख्या 68/26 धारा 9/25(2) आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके पास अवैध असलहा कहां से आया और उसका उद्देश्य क्या था।इस कार्रवाई में थाना नाका हिण्डोला के प्रभारी निरीक्षक अभिनव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

